फरीदाबाद। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी है। जिले में करीब 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 14 हजार निजी और छह हजार व्यावसायिक वाहन हैं। फिलहाल वाहन मालिकों को घरों या अपने संस्थानों में ही वाहन चार्ज करने की मजबूरी है। अब सरकार ने शहर में सार्वजनिक चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की दिशा में पहल शुरू की है। इसके तहत नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। पहले चरण में चार सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने का काम जारी है। स्थान चिह्नित होते ही प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा। नए नेटवर्क से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।