बीके अस्पताल में प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लोग चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, बुखार, दस्त और अत्यधिक कमजोरी जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बीके अस्पताल में इन लक्षणों को लेकर प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता का कहना है कि तेज धूप और शरीर में पानी की कमी के कारण लोगों की हालत बिगड़ रही है।
अस्पतालों में सबसे ज्यादा बच्चे, बुजुर्ग और खुले में काम करने वाले मजदूर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक धूप में रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीने से शरीर में पानी और जरूरी तत्वों की कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ती है।
डॉ. योगेश ने बताया कि डिहाइड्रेशन का असर केवल सामान्य कमजोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे किडनी और हृदय पर भी बुरा प्रभाव पड़ सकता है। शरीर में पानी की कमी होने से रक्तचाप प्रभावित होता है और किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। ऐसे समय में बाहर का खाना खाने से बचाव करना है, केवल घर का ताजा भोजन खाना है, जिससे शरीर में आवश्यक तत्वों की कमी पूरी हो सके।