गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर हुआ हादसा, 8 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर 23 जून को गलत दिशा से आ रही स्कूटी ने बाइक सवार निजी कंपनी के सेल्स प्रतिनिधि को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की हालत लगातार गंभीर है। पीड़ित के पिता ने मामले में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने करीब आठ दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
सौरव विहार, जैतपुर (नई दिल्ली) निवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि उसका बेटा संजीव कुमार पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में आउटसाइड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत है। 23 जून की शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से गुरुग्राम से घर लौट रहा था। आरोप है कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गलत दिशा से आ रहे स्कूटी सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी चालक मौके से भाग गया।
टक्कर में संजीव कुमार के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने कई बार उन्हें बयान देने के लिए अयोग्य (अनफिट फॉर स्टेटमेंट) घोषित किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 23 जून को सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी और 25, 26 जून तथा 1 जुलाई को भी डॉक्टरों से घायल की स्थिति के बारे में राय ली गई, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।