फरीदाबाद। कोरोना काल में निजी स्कूल संचालक अभिभावक व विद्यार्थियों को किताब-कापी व ड्रेस देने के बहाने स्कूल नहीं बुला सकते। जिला शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी ने स्कूल संचालकों को विद्यार्थी व अभिभावकों को किसी भी कार्य के लिए न बुलाने का आदेश दिया है।
दरअसल, सरकार ने सरकारी व निजी स्कूलों में 22 अप्रैल से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन छुट्टियां कर दी हैं। इसके बावजूद जिले में निजी स्कूल संचालक लगातार अभिभावकों को बहाने से स्कूल बुलाकर फीस भुगतान व तरह-तरह के भुगतान का दबाव बना रहे हैं। इसकी शिकायत लगातार शिक्षा विभाग को मिल रही हैं। शिकायतों में अभिभावक को किताब-कॉपी, ड्रेस लेने, ऑनलाइन कक्षा लगवाने के बहाने बुलवा कर बकाया फीस जमा कराने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में शिक्षा अधिकारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सख्ती के आदेश जारी किए हैं। नियमों का कड़े रूप से लागू करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने बल्लभगढ़ व फरीदाबाद खंड शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल को भी निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में निजी स्कूलों पर नजर रखें। अगर स्कूल संचालक सरकार के आदेशों की पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। इसके साथ ही स्कूल संचालक के खिलाफ नियमों की अवहेलना के लिए कार्रवाई की जाए।