सरकारी स्कूलों में छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थी को मिलेगा अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालयों में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्टेम मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले में छात्र अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान पर आधारित मॉडल पेश करेंगे। इसमें सर्वश्रेष्ठ 12 मॉडलों का चुनाव किया जाएगा। इन मॉडल की विद्यालय में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 15 मार्च तक यह मेला आयोजित किया जाना है।
स्टेम मेला का उद्देश्य छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इसके साथ ही इस मंच के माध्यम से छात्रों को अपने विचार, नवाचार, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या-समाधान कौशल दिखाने का भी मौका मिलेगा। विभाग ने मेले के आयोजन को लेकर जानकारी विद्यालयों में भेज दी है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के इंचार्ज जलवंत सिंह ने बताया कि विभाग की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अभी तक निजी विद्यालयों में ही ऐसे आयोजन होते रहे हैं, लेकिन इस मेले के माध्यम से राजकीय विद्यालय के छात्रों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन को लेकर दीक्षा एप पर अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के अध्यापकों के लिए ऑनलाइन सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान अध्यापकों को कार्यक्रम के आयोजन को लेकर दिशानिर्देश दिए गए, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जलवंत सिंह ने बताया कि स्टेम मेले में बेहतर मॉडल का चयन किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागियों का सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले का समापन होने के उपरांत इसका मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में कार्यक्रम के लिए बैनर की व्यवस्था, विद्यार्थियों, अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी, प्रदर्शित परियोजनाओं और मॉडल की गुणवत्ता को आधार बनाया जाएगा।