ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र
शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया को किया आसान, अब नहीं लगाने पड़ेंगे स्कूल के चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। शिक्षा विभाग ने अब स्कूल छोड़ने के प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को आसान कर दिया है। नई व्यवस्था से ऑनलाइन आवेदन के जरिए प्रमाण पत्र हासिल किया जा सकेगा। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने बताया कि विभाग ने एमआईएस पोर्टल पर इसके लिए विशेष मॉड्यूल अपडेट किया है। इसके बाद अभिभावकों को अब स्कूल के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी, वे घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस सेवा को ऑटो अपील सिस्टम (एसएसएस) पर भी ऑनबोर्ड करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विवरण एनआईसी को भेजा जा चुका है।
छात्र या उनके अभिभावक को एमआईएस पोर्टल पर जाकर छात्र का एसआरएन अथवा उससे जुड़ा आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद प्रवेश के समय दर्ज किए गए पिता के मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। अगले चरण में एक यूनिक ट्रैकिंग आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को भविष्य में किसी भी प्रकार की स्थिति जानने या प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए उपयोग किया जा सकेगा।