संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को जल्द ही छात्रवृत्ति की राशि मिल जाएगी। प्रशासन ने जिला शिक्षा कार्यालय को आदेश जारी कर दिया है। आदेशों में सभी विभागों को आपसी तालमेल मजबूत करने को कहा गया है।
आदेश के अनुसार, अब से दाखिले के समय ही छात्रों को छात्रवृत्ति की जानकारी दी जाएगी। पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों को आधार से लिंक किया जाएगा ताकि उनको किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने बताया कि छात्रवृत्ति का 40 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार और 60 प्रतिशत केंद्र सरकार का होता है।
मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने छात्रवृत्ति के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान विशेष रूप से युवाओं के कौशल विकास पर केंद्रित है। हरियाणा सरकार भी अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के युवाओं के कौशल विकास पर जोर दे रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। कोई भी मेधावी या जरूरतमंद छात्र आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई न छोड़े। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी राजकीय विद्यालय में सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिस पर छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में लिखी हो। इससे छात्रों को सुविधा होगी।