लोगों को दिलाई जा रही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने और व्यवहार परिवर्तन का संदेश दिया जा रहा है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के दौरान ग्रामवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जा रही है। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा ने बताया कि सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों और कूड़े के ढेरों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही लोगों को घरेलू स्तर पर गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे का अलग-अलग संग्रह करने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।
सीईओ जिला परिषद शिखा ने कहा कि स्वच्छता और पौधारोपण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत हैं। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवेश भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्रशासन का मानना है कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के जरिए ही स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज और बेहतर पर्यावरण का निर्माण संभव है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में इसी सोच को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।