इंटरनेट कॉल कर संदीप काला ने मांगी रंगदारी
फरीदाबाद। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर एक फरवरी को कैदी वाहन पर अपने साथियों से हमला करवाकर फरार हुए बदमाश संदीप उर्फ काला ने अपना कारोबार फैलाना शुरू कर दिया है। फरीदाबाद के एक मॉल में खाद्य पदार्थों की ट्रेडिंग करने वाले व्यापारी को इंटरनेट कॉल कर रंगदारी की मांग की है। हालांकि उसने कितनी रकम मांगी है, व्यापारी ने इस बात को सार्वजनिक नहीं किया है। संदीप काला द्वारा फोन किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई हैं। व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर सूरजकुंड पुलिस छानबीन में जुट गई है।
जांच अधिकारी एएसआई समुंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यापारी अंकेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर-21 का रहने वाले हैं। उसका शहर के एक मॉल में खाद्य पदार्थों की ट्रेडिंग का काम हैं। 20 फरवरी की रात करीब पौने नौ बजे उनके मोबाइल फोन की घंटी बजी। कॉलर ने कामकाज के बारे में पूछा। इसके बाद खुद को संदीप काला बताकर रंगदारी देने की मांग की। यह सुनते ही व्यापारी ने फोन काट दिया। इसके बाद फिर 21 फरवरी को भी अलग-अलग नंबरों से इंटरनेट कॉल आई। व्यापारी द्वारा कॉल रिसीव करते ही संदीप काला ने रंगदारी की मांग दोबारा रखी। इससे डर कर व्यापारी ने पुलिस की शरण में जाकर अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा की मांग की। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि रंगदारी मांगने वाले ने कितना पैसा मांगा है, यह स्पष्ट नहीं हैं। फोन करने वाला कुख्यात बदमाश ही है, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। इधर व्यापारी का परिवार इतना डर गया है कि वह अनजान नंबरों से आने वाले फोन उठाने से भी डरने लगे हैं।
वर्जन-
पीड़ित व्यापारी की शिकायत दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस उन फोन नंबरों को खंगाल रही है, जिससे कॉल आई थी। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। - अनिल कुमार, एसीपी क्राइम फरीदाबाद