एनआईटी दशहरा मैदान रात्रि विश्राम और भव्य सत्संग कार्यक्रम का होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सनातन हिंदू एकता पदयात्रा शनिवार सुबह मांगर कट सीमा से फरीदाबाद जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा के आगमन को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस से लेकर प्रशासन और धार्मिक-सामाजिक संगठनों तक सभी ने अपने स्तर पर व्यवस्था मजबूत की है। शाम तक यह पदयात्रा एनआईटी दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम और भव्य सत्संग कार्यक्रम होगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।
यात्रा को लेकर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शनिवार को फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग का उपयोग कम करें और वैकल्पिक रास्तों का चयन करें। पदयात्रा मांगर कट से पाली चौक, बायो मेडिकल कॉलेज, बड़खल-पाली रोड, मस्जिद चौक (एनआईटी-3), ईएसआई चौक से गुजरते हुए दशहरा मैदान, एनआईटी फरीदाबाद तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान दोपहर का भोजन बायो मेडिकल कॉलेज में होगा।
रविवार 9 नवंबर की सुबह यात्रा दशहरा मैदान से मेट्रो मोड़, हार्डवेयर चौक, सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी प्वाइंट, बल्लभगढ़ बस स्टैंड होते हुए अनाज मंडी बल्लभगढ़ पहुंचेगी, जहां भक्तों के लिए भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा दिल्ली-आगरा हाईवे होते हुए एल्सन चौक, जेसीबी चौक, शगुन गार्डन सीकरी पहुंचेगी। यहीं रात में ठहराव होगा और अगले दिन यात्रा पलवल जिले की ओर रवाना होगी। गो रक्षा बजरंग फोर्स से जुड़े बिट्टू बजरंगी ने बताया कि शनिवार शाम एनआईटी दशहरा मैदान में भक्तों के ठहराव के लिए विशाल शिविर तैयार किया जा रहा है। हजारों श्रद्धालु यहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके लिए भोजन, पानी, मोबाइल शौचालय, लाइटिंग, और ठंड से बचाव की व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवक लगातार मैदान की साफ-सफाई और शिविर की व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।
दो हजार पुलिसकर्मी तैनात
संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल ने शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल करते हुए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी, होमगार्ड, ट्रैफिक स्टाफ और साइबर सेल की टीमें तैनात रहेंगी। सुरक्षा प्रबंधन के लिए 1200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी प्रणाली लगाई गई है। भीड़ नियंत्रण और भगदड़ जैसी स्थिति से बचाव के लिए स्वयंसेवकों की टीमें भी सहयोग करेंगी। वहीं, दमकल वाहन, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें भी अलर्ट मोड पर रहेंगी। पुलिस के साइबर सेल को अफवाहों और फेंक न्यूज की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 112 या ट्रैफिक कंट्रोल रूम (0129-2267201, 2225999) पर दें।
जबलपुर से आए 200 हलवाई
भक्तों के लिए भोजन और प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। बागेश्वर धाम एसोसिएट्स से जुड़े अभिनव शर्मा ने बताया कि जबलपुर से 200 से अधिक कारीगर और हलवाई आए हैं जो करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार कर रहे हैं। भक्तों को जबलपुर के प्रसिद्ध व्यंजन-खोया की जलेबी, पोहा, भुजिया, पूरी-सब्जी, चावल और रोटी परोसे जाएंगे। भोजन निर्माण और वितरण की जिम्मेदारी पूरी तरह जबलपुर टीम के पास है।