संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की ओर से गांव दयालपुर में मिठाई की दुकान से घेवर के नमूने लिए गए। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव दयालपुर में जय जवान जय किसान नाम से दुकान पर घेवर बनाया जा रहा है। जहां पर काफी अनियमितता बरती जा रही है।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ चेकिंग करने की आवश्यकता है। सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) डाॅ. पुनीत शर्मा के साथ गांव दयालपुर में मोहना रोड पर चल रही घेवर की दुकान का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक संजीव कुमार हाजिर मिले। जिसने पूछताछ करने पर बताया कि उन्होंने पिछले माह ही दुकान खोली है व लाइसेंस अप्लाई किया हुआ है। निरीक्षण के दौरान करीब 300 किलोग्राम घेवर बनाया हुआ व करीब 80 किलोग्राम मावा रखा मिला। इस दौरान साफ सफाई ठीक पाई गई। डॉ. पुनीत कुमार की ओर से घेवर और मावे का एक-एक नमूना लिया गया। जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा व नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।