फरीदाबाद। जिले की करीब 32 अनधिकृत औद्योगिक कॉलोनियों को जल्द ही कानूनी मान्यता मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने 10 एकड़ से कम क्षेत्र में फैले औद्योगिक क्षेत्र को कानूनी मान्यता देने का आश्वासन दिया था। मान्यता मिलने के बाद 24 हजार उद्योगों और ढाई लाख मजदूरों को राहत मिलेगी।
फरीदाबाद में सरूरपुर, कृष्णा कॉलोनी, न्यू डीएलएफ, गाजीपुर सहित 32 अनधिकृत औद्योगिक कॉलोनियां हैं। न्यू डीएलएफ में लगभग 150 छोटे-बड़े उद्योग हैं जबकि सरूरपुर में 3200, कृष्णा कॉलोनी में 1500 उद्योग चल रहे हैं। इन कॉलोनियों में 24 हजार छोटे-बड़े उद्योग हैं। इनमें लाखों मजदूर नौकरी करते हैं। अनधिकृत क्षेत्र घोषित होने के कारण इन कॉलोनियों में उद्योग चलाने वाले उद्यमियों को लाइसेंस लेने, बिजली कनेक्शन प्राप्त करने और नगर निगम की सुविधाएं लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट सत्र में कानूनी वैधता देने की घोषणा की थी। मालूम हो कि औद्योगिक कॉलोनियां 10 एकड़ से कम क्षेत्र में फैली हैं, उन्हें नियमित किया जाएगा। नगर निगम और शहरी विकास विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे चुकी है। संवाद