वेतन को लेकर फरीदाबाद की कई कंपनियों में हंगामा, घंटों ठप रहा उत्पादन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में सोमवार को वेतन विवाद को लेकर कई कंपनियों में कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सेक्टर-59, सेक्टर-24 और पन्हेड़ा खुर्द स्थित कंपनियों में कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए कामकाज ठप कर दिया। करीब चार से पांच घंटे तक चले हंगामे के कारण उत्पादन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और श्रम विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों को समझाकर स्थिति सामान्य करवाई।
सबसे ज्यादा तनाव सेक्टर-59 स्थित एक निजी कंपनी में देखने को मिला। सुबह की शिफ्ट शुरू होते ही कर्मचारियों ने काम बंद कर कंपनी गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का आरोप था कि पिछले कुछ समय से वेतन में कटौती की जा रही है और पूरा भुगतान नहीं दिया जा रहा। कर्मचारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई में मौजूदा वेतन से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
सेक्टर-24 स्थित एक कपड़ा डाई प्रिंटिंग यूनिट में भी कर्मचारियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने और भुगतान में कटौती का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन ने कोई समाधान नहीं किया। कर्मचारी दीपक और पंकज ने आरोप लगाया कि वेतन बढ़ाने की मांग करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसी क्षेत्र की एक ऑटो पार्ट्स कंपनी में भी कर्मचारियों ने ओवरटाइम और भत्तों के भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया।
महिला कर्मचारियों रोशनी, कोमल, दीपिका और श्यामवती ने आरोप लगाया कि उनसे अतिरिक्त काम लिया जाता है लेकिन उसका पूरा भुगतान नहीं किया जाता। वहीं, पन्हेड़ा खुर्द स्थित एक कंपनी में भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर कर्मचारियों ने गेट पर प्रदर्शन किया। दूसरी ओर संबंधित कंपनियों के प्रबंधन ने कर्मचारियों के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वेतन सरकार के नियमों के अनुसार दिया जा रहा है और कुछ विवाद तकनीकी कारणों तथा उपस्थिति नियमों की वजह से पैदा हुए हैं। उप श्रमायुक्त अजय पाल डूडी ने बताया कि सभी मामलों में कंपनियों से रिपोर्ट तलब की गई है। शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।