तावडू। शहर के रेवाड़ी रोड स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय प्रांगण में सोमवार को सुरक्षा कार्यशाला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उपमंडल अधिकारी ब्रह्म प्रकाश, सभी कनिष्ठ अभियंता तथा 17 केंद्रों के लाइन स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा। इस दौरान 50 से अधिक सुरक्षा किट लाइनमैन को वितरित किए गए। प्रत्येक फीडर पर कार्यरत कर्मचारियों को भी आवश्यक सुरक्षा उपकरण प्रदान किए गए। कार्यशाला में हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड ग्लव्स, सेफ्टी शूज़ और अर्थिंग रॉड सहित उपकरणों के सही उपयोग का डेमो दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्य दक्षता बढ़ाने के लिए की गई है।कर्मचारियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए बताया कि इससे वे अधिक सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकेंगे। संवाद