पिनगवां। रोजगार की तलाश में सूरत गए पिनगवां खंड के गांव ढाणा निवासी 37 वर्षीय सप्पू उर्फ सपात पुत्र दीनू की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना जैसे ही गांव पहुंची तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है ।
सप्पू उर्फ सपात सूरत में फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह रोज की तरह फेरी के लिए निकला था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे छह मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। सबसे बड़ा बेटा मंदबुद्धि बताया जा रहा है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी सप्पू के कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है। सूचना पर सूरत पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। संवाद