अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा ने अपने 104वें दिन तिगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया। इस दौरान यात्रा को जनसमर्थन मिला और जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। युवाओं, महिलाओं, किसानों और सामाजिक संगठनों यात्रा में भाग लिया।
यात्रा की शुरुआत खेड़ी कलां से हुई और ताजपुर, शहाबाद, बुआपुर, भैंसरावली, तिगांव, तिगांव मार्केट, तीगढ़ बार मेमोरियल स्कूल, शदपुरा होते हुए फरीदपुर पहुंची। खेड़ी कलां गांव में चौधरी छोटूराम सेवा समिति की ओर से भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यात्रा का रात्रि विश्राम किसान भवन सेक्टर-16 फरीदाबाद में रखा गया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर समाज को बांटने और वोट चोरी जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरियाणा में 2002 और 2024 की वोटर लिस्ट के बीच करीब 29 लाख वोटों का मिलान नहीं हो पा रहा है। कई विधानसभा क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से भी कम वोटों का मिलान हुआ है। तिगांव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यहां मात्र 23 प्रतिशत वोटरों का ही मिलान पाया गया है।
उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बूथ स्तर पर सख्त निगरानी रखने की अपील की। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सद्भाव यात्रा का उद्देश्य भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है, जिसे सत्ता की राजनीति ने कमजोर किया है।
इस मौके पर हेमलता शर्मा, पूर्व आईपीएस महाराज सिंह, सतबीर पहलवान, मोहित चंडिला सहित कई वरिष्ठ नेता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।