आरपीएस सवाना सोसाइटी का रखरखाव करेगी आरडब्ल्यूए
काफी समय से हो रही है सोसाइटी में ऑडिट की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एक फरवरी से आरपीएस सवाना सोसाइटी का रखरखाव करेंगे। इस संबंध में आरडब्ल्यूए ने बिल्डर, जिला उपायुक्त, जिला नगर योजनाकार और पुलिस आयुक्त को सूचना दे दी है।
ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-88 स्थित सोसाइटी के आरडब्ल्यूए प्रधान जितेंद्र भल्ला और महासचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि काफी समय से ऑडिट की मांग की जा रही है, लेकिन बिल्डर इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सोसाइटी का कई वर्षों से मरम्मत नहीं हुआ है। परेशान होकर लोगों ने साल 2018 में हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (हरेरा) में केस किया। 2022 में लोगों के पक्ष में फैसला आया, बिल्डर को सोसाइटी आरडब्ल्यूए को हैंडओवर करने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि बिल्डर ने आदेशों की अवहेलना करते हुए सोसाइटी हैंडओवर नहीं किया।
आरडब्ल्यूए प्रधान जितेंद्र भल्ला ने बताया कि सोसाइटी में बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं की कमी है। मेंटेनेंस सहित चार्ज देने के बाद भी बिल्डर सुविधाएं नहीं दे रहा है। ऐसे में अब एक फरवरी को आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सोसाइटी का मेंटेनेंस टेकओवर करेंगे। इस संबंध में बिल्डर को लीगल नोटिस दिया गया है। इसके अतिरिक्त 23 जनवरी को जिला उपायुक्त, जिला नगर योजनाकार और पुलिस आयुक्त को सूचना दी जा चुकी है।