संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईपी कॉलोनी की आरडब्ल्यूए ने वार्ड-29 के पार्षद अजय बैंसला से मुलाकात कर क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कॉलोनीवासियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर पॉकेट ए एवं बी में 100 नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी गई। आरडब्ल्यूए सदस्यों का कहना था कि कॉलोनी की कई गलियां अंधेरे में रहती हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी खतरे भी बने रहते हैं।
इसके साथ ही आरडब्ल्यूए ने घरेलू सहायकों और कॉलोनी में कार्यरत स्टाफ के लिए पोर्टेबल टॉयलेट की व्यवस्था करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। टीम ने कहा कि कॉलोनी में काम करने वाले कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है, जिसे दूर किया जाना आवश्यक है।
पार्षद अजय बैंसला ने आरडब्ल्यूए की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोर्टेबल टॉयलेट लगाने के लिए आरडब्ल्यूए को पहले उपयुक्त स्थान तय करना होगा। स्थान तय होने के बाद वे संबंधित विभाग से तुरंत कार्रवाई कराएंगे। साथ ही, स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया को भी जल्द आगे बढ़ाने का वादा किया।