बल्लभगढ़। सदर थाना इलाके में एक ओवरलोड हाईवा को रोकना आरटीए अधिकारियों और कर्मचारी को भारी पड़ गया। चालक व मालिक ने कर्मचारी से मारपीट कर हाईवा छुड़ा लिया और उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रीजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी (आरटीए) में बतौर कंप्यूटर आपरेटर तैनात नेतराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को इंस्पेक्टर अनिल कुमार, जयबीर सिंह और सिपाही मनोज के साथ अटाली रोड पर ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान टीम ने एक ओवरलोड हाईवा को रुकवाया। हाईवा का कांटे पर वजन कराने के लिए इंस्पेक्टर ने नेतराम को गाड़ी में बिठा दिया। वे चालक के साथ हाईवा को कांटे की तरफ ले जाने लगे। रास्ते में एक कार में करीब 15-20 युवक आए। उन्होंने हाईवा को रुकवा लिया। इसके बाद कुछ युवक कार से उस पर चढ़ गए। उन्होंने नेतराम के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे थोड़ी दूर जाकर हाईवा से नीचे फेंक दिया।