संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। छत्तीसगढ़ में आयोजित पहली राष्ट्रीय रोवर्स-रेंजर्स जंबूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीतकर लौटे स्काउट गाइड प्रतिभागियों का जिले में भव्य स्वागत किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में मार्च पास्ट, कॉलर पार्टी और कैंप क्राफ्ट जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया गया।
यह पहली रोवर्स-रेंजर्स राष्ट्रीय जंबूरी प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ में आठ से 13 जनवरी तक आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में जिले से नौ लीडर्स और 81 रोवर्स एवं रेंजर्स ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने परेड, कॉलर पार्टी, टेंट पिचिंग, गैजेट्स और कैंपक्राफ्ट जैसी गतिविधियों में प्रथम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी तीन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी तीन, पीएम श्री विद्यालय सहित कई विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।