शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी में सड़क पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर से नीचे तक लटक रहे तार लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ट्रांसफार्मर के आसपास कई दुकानें हैं और क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है। निवासी संतोष व मनोज कुमार ने बताया कि रोजाना सैकड़ों राहगीर, स्कूल के बच्चे, स्कूल वैन और बड़े वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में नीचे तक लटके बिजली के तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है और खुले तारों से हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है।
स्थानीय निवासी मोहित और धीरेंद्र ने बताया कि भारी वाहन गुजरने के दौरान तार और अधिक नीचे झूलने लगते हैं, जिससे खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द तारों को सही करवाने और ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसे जल्द ठीक कराया जाना चाहिए।