हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का किया ऐलान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने नागरिकों की वर्षों पुरानी परेशानियों को दूर करने के लिए करोड़ों की लागत से विकास कार्यों का ऐलान किया है। इन कार्यों से लोगों को बिजली, सड़क और रोशनी से संबंधित समस्याओं से स्थायी समाधान मिलेगा।
आपको बताते चलें कि फरीदाबाद में झूलते तारों को जमीन के अंदर करने का काम भी इस तीनों परियोजनाओं के तहत ही किया जाएगा। फरीदाबाद के साथ पलवल के कई इलाकों में भी विकास कार्य होंगे। अधिकारियों ने बताया कि पलवल प्राधिकरण भी फरीदाबाद डिवीजन में आता है। इस कारण से यहीं से सभी कार्यों की मंजूरी दी जाती है।
सेक्टर- 81 में तीन करोड़ से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था
फरीदाबाद का सेक्टर-81 इस बार सबसे बड़ी योजना का गवाह बनेगा। यहां लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से एलटी-एचटी लाइनें बिछाई जाएंगी और 400 व 100 केवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा एलईडी स्ट्रीट लाइटों को भी बदला जाएगा। अब तक सेक्टर के लोगों को बिजली बाधित होने और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या झेलनी पड़ती थी। नई व्यवस्था से स्थिर बिजली आपूर्ति और सुरक्षित माहौल मिलेगा।
सेक्टर-75 और 76 से हटेंगे झूलते तार
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर झूलने वाले तारों के कारण कई बार हादसे सामने आ चुके हैं। कभी तार नीचे लटक जाते हैं इससे लोगों में भी हादसों का डर बना रहता है। पूरे फरीदाबाद में तारों को जमीन के अंदर किया जाना है। अभी सेक्टर 75 व 76 का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें पौने एक करोड़ की लागत से कार्य होगा। यहां सड़कों पर झूलते खतरनाक तारों की जगह भूमिगत केबल बिछाई जाएगी। साथ ही एचएसवीपी की सड़कों को निजी बिल्डरों की कॉलोनियों से जोड़ने के लिए सड़क संपर्क को भी सुधारा जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलते तार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं और सड़क कनेक्टिविटी की कमी से रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो जाती है। अब इन दोनों समस्याओं का समाधान होगा।
पलवल की गलियां भी होंगी रोशन
तीसरी योजना फरीदाबाद और पलवल के कई सेक्टरों में लागू होगी। करीब 60 लाख रुपये की लागत से फरीदाबाद के सेक्टर-65, 56, 56-ए, 64 और पलवल के सेक्टर-2 में हाई मास्ट व स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन जगहों पर अंधेरे की वजह से हादसे का डर बना रहता है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को शाम के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। अब नई रोशनी और नए खंभे गलियों को सुरक्षित और चमकदार बना देंगे।
- इन योजनाओं से शहर की तस्वीर बदलेगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। आने वाले दिनों में यह कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। - अश्विनी गौर, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी