संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आरडब्ल्यूए ब्लॉक डी टू सेक्टर 10 के गेट नंबर एक के पास चंदा इकट्ठा कर सड़क की मरम्मत कराई गई। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने करीब दो महीने पहले ग्रीन बेल्ट में से पानी की लाइन को जमीन में दस फीट खोद कर अंदर से निकाला था। खुदाई की वजह से ब्लाॅक की सड़क टूट गई थी।
प्रधान जगजीत सिंह नैन ने बताया कि उस कार्य को करने के बाद आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात के मौसम के चलते जहां विभाग की ओर से पाइप लाइन के लिए मिट्टी की खुदाई की गई थी वहां की मिट्टी जमीन के अंदर धंस गई। मिट्टी धंसने की वजह से दलदल हो गई। इसको लेकर पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह बीसला व अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने बताया कि लोगों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सेक्टर के लोगों से पैसे इकट्ठा करके सबसे पहले गड्ढे को क्रेन की मदद से भरवाया गया। उसके बाद उसको सीमेंट के जरिए पक्का करवाकर दुरुस्त करवाया।