संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। ग्रेप के नियम हटते ही गांव तिगांव स्थित राजकीय महाविद्यालय से लेकर मंझावली मोड़ तक बनाए जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अब शुरू कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण के चलते ग्रेप के नियम लागू होने के कारण यह निर्माण कार्य काफी समय से रुका हुआ था। नियम हटते ही लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया। यह मार्ग तिगांव, मंझावली समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और ग्रामीण आवाजाही करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से बेहद खराब थी। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था।
वर्जन
ग्रेप के नियम हटते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण तय मानकों के अनुसार कराया जा रहा है और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी और इसे जल्द पूरा कर आमजन को समर्पित किया जाएगा।-सरदार सिंह, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग