फरीदाबाद (रणजीत मिश्रा )। देश में सबसे अधिक मौतें सड़क दुर्घटनाओं के कारण होती है। इस साल लॉकडाउन के कारण इसमें कमी दर्ज की गई है। करीब तीन माह लॉकडाउन रहने के कारण लोग घरों में बंद रहने को मजबूर रहे। इस कारण इस साल सात माह में करीब 60 प्रतिशत दुर्घटनाओं व उससे होने वाली मौतों में कमी दर्ज की गई है। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जिला पुलिस भी सक्रिय है और लोगों को जागरूक कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करने लग जाएं तो दुर्घटनाओं में काफी कमी आ जाएगी।
कोरोना संक्रमण के कारण पूरे देश में 24 मार्च से लॉकडाउन लगा दिया गया था। इस कारण सड़क पर ट्रैफिक काफी कम हो गया। सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही सड़क पर दौड़ने की इजाजत दी गई। दिल्ली से सटे औद्योगिक शहर फरीदाबाद के बीचों बीच राष्ट्रीय राजमार्ग भी गुजरता है। जिस पर हमेशा वाहनों का दबाव व रफ्तार का रोमांच भी देखने को मिलता है। इस चक्कर में कई बार बड़ी दुर्घटनाएं भी सामने आती है, जिसमें जानमाल की भारी क्षति हो जाती है। फरीदाबाद पुलिस के दर्ज आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2019 में जनवरी से जुलाई के बीच कुल 337 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिसमें 126 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में 315 लोग मामूली व गंभीर रूप से घायल भी हुए। इसके सापेक्ष मौजूदा वर्ष 2020 में इस ग्राफ में गिरावट दर्ज की गई है। इस साल जनवरी से जुलाई के बीच कुल 206 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इसमें 75 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी व 169 लोग मामूली व गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जिले के पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस साल कोरोना संक्रमण के कारण वाहनों के पहिये करीब तीन माह के लिए थम गए थे। सड़क पर सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही संचालित करने की इजाजत दी गई थी। इस वजह से सड़क दुर्घटनाओं व इससे होने वाली मौत के आंकड़ों में कमी आई है।
ये प्रयास भी होंगे कारगर
फरीदाबाद पुलिस सड़क दुर्घटना व इससे होने वाली जानमाल की क्षति रोकने के लिए फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पेज को लोकप्रिय बनाने में जुटी है। इसके माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा हाल में ही पुलिस आयुक्त ने टीनएज ग्रुप बनाने की पहल की है, जिसमें टीनएज को सड़क दुर्घटना से होने वाले नुकसान, आपराधिक प्रवृति की रोकथाम व ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को मौके पर ही नियमों संबंधी फिल्म भी दिखाई जा रही है। इन प्रयासों से भी पुलिस ने दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना जताई है।
वर्जन-
फरीदाबाद पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करने के साथ कुछ अन्य जरूरी पहल भी कर रही है। इसका परिणाम शीघ्र ही देखने को मिलेगा। इससे दुघर्टनाएं कम होने के साथ जानमाल की क्षति भी रोकने में मदद मिलेगी। - धारणा यादव, एसीपी, पुलिस पीआरओ