मटर 200 तो टमाटर 90 रुपये किलो
फुटकर बाजार में मटर के दाम करीब 200 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। अदरक 200 रुपये से अधिक, फूलगोभी 100, टमाटर 90, भिंडी 70, प्याज 60 और बीन्स 80 रुपये किलो तक बिक रही हैं। नींबू भी 80 रुपये किलो के पार पहुंच गया है। महंगे भाव के कारण ग्राहक जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।
आधा हुआ मुनाफा
सब्जी विक्रेता मोहित ने बताया कि मंडियों में सब्जियों की आवक हो रही है, लेकिन ऊपर से ही महंगे दाम पर माल मिल रहा है। महंगी सब्जी खरीदने के बाद उसे ज्यादा भाव में बेचना पड़ता है, जिससे ग्राहक कम मात्रा में खरीदारी करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले दुकान से करीब 10 हजार रुपये तक का मुनाफा हो जाता था, लेकिन अब यह घटकर करीब पांच हजार रुपये तक रह गया है।
समय पर न बिकी तो खराब हो जाती है सब्जी
दुकानदारों का कहना है कि कम बिक्री के साथ सब्जी खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार ग्राहक कम खरीदते हैं और बची हुई सब्जियां समय पर नहीं बिक पातीं। खराब होने पर दुकानदार को सीधे नुकसान उठाना पड़ता है।
टमाटर 30 रुपये से 90 रुपये तक पहुंचा
कुछ समय पहले तक करीब 30 रुपये किलो मिलने वाला टमाटर अब 90 रुपये किलो तक पहुंच गया है। प्याज भी 30 से बढ़कर करीब 60 रुपये किलो हो गया है। फूलगोभी के दाम भी 30-40 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। इसी तरह शिमला मिर्च 55, गाजर 50 और करेला 60 रुपये किलो तक बिक रहा है।
ग्राहक बोले- खरीदारी घटानी पड़ रही
सब्जी खरीदने पहुंचे महेश और राहुल ने बताया कि पेट्रोल-डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरतों पर पहले ही खर्च बढ़ गया है। अब सब्जियों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट और बिगड़ गया है। महंगे भाव के कारण अब पहले की तरह ज्यादा मात्रा में सब्जियां खरीदना संभव नहीं है। जरूरत भर की सब्जी खरीदकर ही काम चलाना पड़ रहा है।