रात 11 बजे के बाद ऑटो-ई-रिक्शा की संख्या घटने से बढ़ी परेशानी
कम दूरी के सफर के लिए भी देने पड़ रहे 150 से 200 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन पर रात के समय ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों को घर तक जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ट्रेन से उतरने के बाद स्टेशन परिसर से बाहर निकलते ही यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या आवागमन के साधन जुटाने की होती है। रात 11 बजे के बाद ऑटो और ई-रिक्शा कम दिखाई देते हैं। ऐसे में कई यात्रियों को आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक वाहन मिलने का इंतजार करना पड़ता है। दूर के क्षेत्रों में जाने वालों के लिए परेशानी और बढ़ जाती है।
दिन में स्टेशन के बाहर सवारी वाहनों की अच्छी आवाजाही रहती है, लेकिन देर रात यह व्यवस्था कमजोर पड़ जाती है। धौज, तिगांव, नचौली, दयालपुर, पल्ला, एतमादपुर, ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टरों, सूरजकुंड की सोसाइटियों, सोहना, सेक्टर-58 व 59, सीही गांव और सेक्टर-24 व 25 की तरफ जाने वाले यात्रियों को आसानी से कोई साधन नहीं मिल पाता। रात में सार्वजनिक परिवहन के दूसरे विकल्प भी उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को निजी ऑटो चालकों पर निर्भर रहना पड़ता है।
देर रात सफर के लिए चुकानी पड़ रही ज्यादा रकम
यात्री विकास ने बताया कि रात में सवारी वाहनों की कमी के कारण कुछ चालक सामान्य से काफी अधिक किराया मांगते हैं। दिन में जिस सफर के लिए 60 से 70 रुपये खर्च होते हैं, उसी दूरी के लिए रात में 150 से 200 रुपये तक देने पड़ते हैं। किराये को लेकर कई बार यात्रियों और चालकों के बीच कहासुनी भी हो जाती है। हालांकि, घर पहुंचने की जरूरत के चलते यात्रियों को अधिक पैसे देकर सफर करना पड़ता है।
वहीं, यात्री अंजलि ने बताया कि रात में स्टेशन पहुंचने के बाद उन्हें करीब 40 मिनट तक ऑटो नहीं मिला। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्हें अधिक किराया देकर घर जाना पड़ा। देर रात स्टेशन के बाहर अकेले वाहन का इंतजार करना महिलाओं के लिए असुविधाजनक रहता है। यात्रियों का कहना है कि रात में आने वाली ट्रेनों के समय के अनुसार सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें घर पहुंचने के लिए परेशान न होना पड़े।