थोड़ी बारिश में भी तालाब बन जाती हैं सड़के, लोगों को होती है परेशानी
फरीदाबाद। ऊंचागांव के निवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। बुधवार को संवाद कार्यक्रम के तहत निवासियों ने अपनी समस्याओं को साझा किया और प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण ग्राहकों और हमें बेहद परेशानी होती है।
यदू कुमार, मनीष, महावीर प्रसाद, छैल विहारी और अमित सहित कई अन्य लोगों ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या जलभराव और गंदगी है। इसके कारण कहीं आने-जाने में बेहद परेशानी होती है। हल्की बारिश में भी सड़कें अक्सर तालाब बन जाती हैं। वहीं जगह-जगह गंदगी फैली रहती है। कई बार साफ-सफाई की मांग की है और जलभराव से राहत के लिए पत्र लिखे गए हैं, पर कोई हल नहीं निकला है।
पास की मार्केट में जाम की समस्या
लोगों ने बताया कि पास में मौजूद मार्केट में जाम की समस्या भी है। पतली सड़कें होने के बावजूद कई लोग अपने बड़े वाहन लेकर वहां से गुजरते हैं। इसके कारण अक्सर जाम की स्थित बनी रहती है। शाम के समय को कई बार पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है।
बातचीत
हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। गंदगी के कारण ग्राहकों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। - यदू कुमार
कई बार सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। - मनीष
मार्केट की सड़कें काफी संकरी हैं और बड़े वाहन आने से बार-बार जाम लगता है। शाम के समय पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। - महावीर प्रसाद
जलभराव और गंदगी के कारण दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी होती है। प्रशासन को नियमित सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।- अमित