सेक्टरों में 48 घंटे में आ रहा पानी, टैंकर से पानी भरने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-84, 85, 88, 89 में पिछले तीन महीने से पेयजल की समस्या से निवासी परेशान हैं। सेक्टरों में 48 घंटे में पानी आ रहा है। एफ ब्लॉक के प्रधान रविंद्र चौधरी ने बताया कि तीन महीने बीत चुके हैं, हमें पानी नहीं मिल पा रहा है।
लोग टैंकर से पानी भरवाने को मजबूर हो रहे हैं। बीपीटीपी की ओर से पानी की सप्लाई आ रही है। 48 घंटे तक पानी नहीं आता है। पहले एक दिन में दो से तीन बार पानी मिलता था। अब यहां बुरा हाल हो गया है। उन्होंने बताया कि बच्चे बिना नहाए स्कूल जा रहे हैं। सभी को अब बाथरूम के जाने से पहले टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। सुबह 6 बजे से टैंकर ढूंढना पड़ता है, तब जाकर नौ बजे 700 रुपये देकर घर में पानी आता है। हम अब परेशान हो चुके हैं। हमारी समस्या का कोई समाधान हो पा रहा है। जब भी इस बारे में बीपीटीपी के प्रतिनिधि से बात की जाती है तो वे कहते हैं कि एफएमडीए पानी कम दे रहा है और प्लॉट व बिल्डर फ्लोर वालों को वे टैंकर से पानी नहीं देते। जी ब्लॉक के प्रधान सुमेर खत्री व बी ब्लॉक के प्रधान सूरज भान ने बताया कि बिना पानी के कोई भी कार्य करना संभव नहीं है। लोगों को पानी न मिलने से टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। टैंकर वाले भी मन मुताबिक लोगों से रुपये वसूल कर रहे हैं।
वर्जन
इन सेक्टरों में पानी की आपूर्ति एफएमडीए की ओर से की जाती है। मुख्य पेयजल लाइन के जोड़ में रिसाव के कारण व्यवधान उत्पन्न हुआ, जो केवल ई ब्लॉक के एलीट फ्लोर तक ही सीमित था। हमने टैंकर के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की। रिसाव की मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। -श्याम सुंदर, मैनेजिंग डायरेक्टर, बीपीएमएस, बीपीटीपी