दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-81 में जर्जर सड़क और जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना आवाजाही में दिक्कत हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ कार सवारों को भी गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
वीआईपी फ्लोर सोसाइटी के पूर्व प्रधान सोहनलाल फोगाट का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब है और कई जगह गड्ढे काफी गहरे हो चुके हैं। रात के समय इन गड्ढों का अंदाजा लगाना और मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन गड्ढों में फंसने या झटके लगने के कारण क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
जोगिंदर सिंह, जगबीर सिंह और उमाकांत राय ने बताया कि सड़क पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से प्रतिदिन पानी का छिड़काव किया जा रहा है। हालांकि, सड़क पर पहले से मौजूद गड्ढों में पानी भर जाने के कारण समस्या और बढ़ जाती है। पानी भरने से गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि केवल पानी का छिड़काव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क को समतल कर मजबूत तरीके से दुरुस्त किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।