फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: बिजली कटौती के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
डबुआ, पल्ला, खेड़ीपुल समेत कई इलाकों के निवासियों ने कहा-गर्मी से ज्यादा बिजली संकट कर रहा परेशान
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के निवासी लू और बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक शहर के कई इलाकों में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। डबुआ, पल्ला, खेड़ीपुल समेत कई क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई।

लोगों का कहना है कि लू के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है। रात के समय कटौती होने से सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवार पूरी रात गर्मी जागने को मजबूर रहे। मंगलवार सुबह भी जब बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हुई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शहर के कई हिस्सों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आई, जबकि कई जगह लंबे समय तक सप्लाई पूरी तरह बंद रही। लोगों का कहना है कि शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बिजली सिर्फ सुविधा नहीं बल्कि जरूरत बन चुकी है। घरों में पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद होने से सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि हर साल गर्मियों में बिजली संकट गहराता है, लेकिन व्यवस्था सुधारने के दावे केवल कागजों तक सीमित रहते हैं। लगातार बिजली कटौती का असर पानी की सप्लाई पर भी साफ दिखाई दिया। कई कॉलोनियों में बिजली नहीं आने के कारण पानी की मोटरें बंद रहीं, जिससे लोगों को सुबह से ही पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। कई घरों में टंकियां खाली हो गईं और लोगों को पानी स्टोर कर काम चलाना पड़ा।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली और पानी दोनों की समस्या एक साथ आने से हालात और गंभीर हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली कटते ही जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप हो जाती है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। खासकर सुबह के समय पानी नहीं मिलने से लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन


43 डिग्री तापमान में लू ने बढ़ाई मुश्किल

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। दिनभर करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। मौसम विभाग ने फरीदाबाद समेत एनसीआर क्षेत्र में 26 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें