रोजमर्रा के काम प्रभावित, पेयजल के लिए करनी पड़ रही अलग व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों के नलों में साफ पानी नहीं आने के कारण लोग इसे पीने और खाना बनाने में इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी इतना गंदा है कि घर की साफ-सफाई में भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पानी की जरूरत पूरी करने के लिए लोगों को अलग से व्यवस्था करनी पड़ रही है। इससे रोजमर्रा के घरेलू काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
पेयजल की समस्या का असर घरों के रोजमर्रा के काम पर भी पड़ रहा है। खाना बनाने, पीने और अन्य जरूरी कामों के लिए साफ पानी की जरूरत होती है, लेकिन नलों से आने वाले पानी की स्थिति के कारण लोग इसका इस्तेमाल करने से बच रहे हैं। पीने के पानी के लिए लोगों को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ रही है। इससे समय और मेहनत दोनों बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी जैसी जरूरी सुविधा के लिए इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि विभाग को यह पता लगाना चाहिए कि साफ पानी की जगह गंदा पानी किस वजह से आ रहा है। समस्या की वजह सामने आने के बाद उसे दूर कर नियमित रूप से साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई कर राहत देने की मांग की है। कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।