संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी की गली नंबर-14 और कपड़ा कॉलोनी की गली नंबर-7 में पिछले करीब 10 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पानी के नए कनेक्शन भी करवाए हैं, इसके बावजूद घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
क्षेत्र की महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाहर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी ओमवती, रमा और पूनम ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने प्लंबर को रुपये देकर नई पाइपलाइन भी डलवाई थी, लेकिन अभी तक पानी की समस्या दूर नहीं हुई। पाइपलाइन डालने वाले व्यक्ति के बारे में भी लोगों को स्पष्ट जानकारी नहीं है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय वोट मांगने के लिए जनप्रतिनिधि और नेता क्षेत्र में पहुंच जाते हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल कराने और पाइपलाइन की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरन आवाज उठानी पड़ेगी।