महिला कोच में यात्रा करते व रेलवे लाइन पार करते पकड़े गए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को आरपीएफ/एफडीबी की टीम ने गाड़ी संख्या 64903 ईएमयू (मथुरा-गाजियाबाद) के महिला कोच की जांच की। इस दौरान महिला कोच में यात्रा कर रहे चार पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया।
आरपीएफ ने चारों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 162(एक) के तहत कार्रवाई की। इनमें नर्निश (29), राजेंद्र सिंह (56), बिट्टू कुमार (25) और मनीष कुमार (19) शामिल हैं। चारों से 2500-2500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा रेलवे लाइन पार करते पांच लोगों को पकड़ा गया। इनके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147(एक) के तहत कार्रवाई की गई। इनमें पंकज कुमार (37), वीरेंद्र (34), भीम (26), संदीप (24) और राहुल (25) शामिल हैं। सभी से 500-500 रुपये जुर्माना लिया गया।
वहीं, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने और रेलवे लाइन पार करने के मामले में आरोही (26) को पकड़ा गया। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 159 और 147 के तहत कार्रवाई करते हुए 1000 रुपये जुर्माना वसूला गया। चेकिंग अभियान में कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी मामलों में कुल 13,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।