आरडब्ल्यूए प्रधान ने बीपीटीपी प्रबंधन से स्थायी समाधान की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-76 में कई समस्याएं निवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सेक्टर के अलग-अलग ब्लॉकों में आए दिन सीवर जाम, पानी की अनियमित आपूर्ति और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या बनी हुई हैं। कभी सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है तो कभी पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
सड़कों पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। इन समस्याओं को लेकर निवासियों ने बीपीटीपी प्रबंधन से सभी ब्लॉकों का निरीक्षण करवाकर समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे सेक्टर में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।
निवासियों ने प्रबंधन से प्रत्येक ब्लॉक में संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को भेजकर स्थिति का जायजा लेने की अपील की है। उनका कहना है कि केवल शिकायत मिलने पर अस्थायी मरम्मत करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए सभी ब्लॉकों की व्यवस्था की जांच कराकर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। सेक्टर के निवासियों को रोजमर्रा की बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार परेशान नहीं होना चाहिए। बीपीटीपी प्रबंधन को इन समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
निवासियों से बातचीत
आए दिन सीवर जाम, पानी की अनियमित आपूर्ति और जर्जर सड़कों के चलते हमें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। - विनोद नागर, आरडब्ल्यूए प्रधान
हम लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। इसके कारण हमें काफी परेशानी होती है। इसका जल्द समाधान होना चाहिए। - आदित्य गौड़, सेक्टर-76