पीयूष हाइट्स सोसाइटी में एक जनरेटर से नहीं चल पा रहा था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-89 स्थित पीयूष हाइट्स सोसाइटी में बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे निवासियों को अब कुछ राहत मिली है। सोसाइटी प्रबंधन ने बढ़ते बिजली लोड और बार-बार आने वाली दिक्कतों को देखते हुए एक अतिरिक्त जनरेटर किराये पर लिया है, जिससे बिजली कटौती के दौरान आवश्यक सेवाओं का संचालन बेहतर तरीके से हो सकेगा।
सोसाइटी में आरडब्ल्यूए संयुक्त सचिव व उप प्रधान यामिनी के अनुसार सोसाइटी में पहले केवल एक जनरेटर के सहारे बैकअप व्यवस्था संचालित की जा रही थी। हालांकि गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने और लोड अधिक होने के कारण एक जनरेटर से पूरे परिसर की जरूरतों को पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा था। इसके चलते कई बार सभी टावरों और फ्लैटों तक पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पाती थी।
बिजली कटौती के समय सबसे अधिक परेशानी लिफ्ट संचालन को लेकर सामने आती थी। निवासियों का कहना है कि लिफ्ट बंद होने का डर हमेशा बना रहता था। सोसाइटी में बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग रहते हैं, जो दैनिक आवागमन के लिए लिफ्ट का उपयोग करते हैं। ऐसे में बिजली बाधित होने पर उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर चिंता बनी रहती थी। गर्मी के दिनों में बिजली बैकअप की कमी के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई बार सामान्य घरेलू उपकरण भी सुचारु रूप से नहीं चल पाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती मांग को देखते हुए सोसाइटी प्रबंधन ने दूसरा जनरेटर किराये पर लेने का निर्णय लिया।
निवासियों का कहना है कि अतिरिक्त जनरेटर लगने से अब बिजली बैकअप व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर हुई है और राहत महसूस हो रही है। हालांकि इसके लिए उन्हें अतिरिक्त खर्च भी वहन करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार जनरेटर से मिलने वाली बिजली के उपयोग पर निवासियों से 32 रुपये प्रति यूनिट की दर से शुल्क लिया जाता है। निवासियों ने बिजली निगम से उम्मीद जताई है कि भविष्य में स्थायी समाधान किए जाए, ताकि बिजली संबंधी समस्याओं से पूरी तरह निजात मिल सके।