सेक्टर-64डी की सड़क पर रहती है पान भरने की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोहना रोड से सेक्टर-2 की ओर आने वाली सेक्टर-64डी की सड़क पर जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सड़क के साथ लगती ग्रीन बेल्ट में छह रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे। इन सिस्टम के माध्यम से बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस परियोजना पर करीब 7 लाख 78 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
सेक्टर-64डी से होकर गुजरने वाली यह सड़क मोहना रोड और सेक्टर-2 की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। बारिश के दिनों में सड़क पर कई बार पानी जमा हो जाता है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
इस समस्या के समाधान के लिए एचएसवीपी ने सड़क की ग्रीन बेल्ट में छह रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने की योजना तैयार की है। इनके जरिए बारिश के पानी की निकासी में मदद मिलेगी और पानी को जमीन में रिचार्ज किया जा सकेगा। इससे सड़क पर जलभराव की समस्या कम होने के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। एचएसवीपी ने परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विभाग ने इस काम को तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मोहना रोड की तरफ से सेक्टर-64डी होते हुए सेक्टर-2 की ओर आने वाली सड़क के साथ छह रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे।
- संदीप दहिया, एसई, एचएसवीपी