रियल एस्टेट कर्मचारी अरुण हुड्डा का हुआ अंतिम संस्कार
2 लाख रुपये के प्लॉट सौदे को लेकर चल रही थी रंजिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रियल एस्टेट कर्मचारी अरुण हुड्डा (30) की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जमीन के सौदे को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसके रिश्तेदार रोहित ने सुपारी देकर हत्या करवाई।
पुलिस ने मामले में रोहित को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार अरुण फरीदाबाद की एक प्रॉपर्टी एजेंसी में पिछले तीन महीने से कार्यरत था। करीब चार वर्ष पहले उसने हापुड़ निवासी राखी से प्रेम विवाह किया था और वह अपने परिवार के साथ दयालपुर गांव में रहता था। भतीजे बबली हुड्डा ने बताया कि अरुण और रोहित पहले साथ में प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। गांव में 400 गज के एक प्लॉट का 2 लाख रुपये में एग्रीमेंट अरुण ने कराया था लेकिन रोहित ने वही प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया, जिससे अरुण के रुपये फंस गए और दोनों के बीच विवाद गहरा गया।
परिवार का आरोप है कि 24 जुलाई को जब अरुण पत्नी और बच्चे के साथ वाराणसी के लिए निकला, तभी से आरोपी उसका पीछा कर रहे थे। 26 जुलाई को लौटते समय गंगा एक्सप्रेसवे के पास अरुण कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लेने के लिए रुका। इसी दौरान दो हमलावर कार से उतरकर उसके पास पहुंचे और कनपटी पर दो तथा कंधे पर एक गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अरुण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि वारदात को बाहरी इलाके में अंजाम इसलिए दिया गया ताकि आरोपी स्थानीय पुलिस की पकड़ से बच सकें।
घटना के बाद मंगलवार सुबह दयालपुर गांव में अरुण का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं कादरी गेट थाने में पत्नी राखी की शिकायत पर एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी आरती सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।