पौने चार करोड़ की लागत से किया जा रहा है काम, बेहतर होगी कनेक्टिविटी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए निगम तेजी से काम कर रहा है। निगम की तरफ से करीब पौने चार करोड़ की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण का काम शुरू कर दिया है। यह कार्य सेक्टर-45 में अंखीर चौक से डिवाइडिंग रोड तक किया जाएगा।
आपको बताते चलें कि यह कार्य ईपीसी मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा। इसमें एजेंसी की तरफ से निर्माण, सामग्री प्रबंधन और इंजीनियरिंग तीनों की जिम्मेदारी पूरी की जाएगी। इस सड़क को डीबीएम और बीसी तकनीक से तैयार किया जाएगा। इससे सड़क सामान्य सड़कों से अधिक मजबूत और टिकाऊ बन पाएगी।
सेक्टर-45 और अंखीर चौक के आसपास की सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढे, टूटे किनारे और जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना जाम और झटकों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान यहां की स्थिति और भी खराब हो जाती है।
अब इस परियोजना के पूरा होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क मरम्मत से यातायात सुगम होने के साथ वाहनों की टूट-फूट में भी कमी आएगी। वहीं लोगों को इस मार्ग को पार करने में अब और कम समय लगेगा।
सात माह में पूरा होगा काम
निगम की तरफ से एजेंसी को सात माह का समय दिया गया है। जो इस माह से शुरू हो गया है। एजेंसी को आगामी दिनों में समय पर काम पूरा करके देना है। इस कार्य में सभी जिम्मेदारी एजेंसी की रहेंगी। इसलिए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और इंजीनियरिंग कार्य भी एजेंसी करेगी लेकिन इस कार्य की जांच निगम के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि समय समय पर जांच की जाएगी किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर एजेंसी पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
वैकल्पिक यातायात प्रबंधन की रखी गई मांग
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि यह कार्य निर्धारित समय में पूरा होगा और निर्माण के दौरान वैकल्पिक यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि आवागमन प्रभावित न हो। लोगों ने निगम से यह भी अपील की है कि निर्माण के बाद नालियों की सफाई और सड़क किनारे जल निकासी की व्यवस्था ठीक रखी जाए ताकि अगली बरसात में दोबारा सड़क न टूटे।
-
इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम