रोडवेज चालकों की ड्यूटी दमकल वाहनों पर लगने से हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गुरुग्राम से फरीदाबाद रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों की संख्या में इन दिनों कमी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि गुरुग्राम डिपो में 52 चालकों को दमकल विभाग में भेज दिया है। उस वजह से कई रूटों पर बसों का संचालन करने में परेशानी हो रही है। बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार भारी भीड़ के बीच सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
फरीदाबाद से गुरुग्राम और गुरुग्राम से फरीदाबाद आने-जाने वाले हजारों कर्मचारी, छात्र और व्यापारी प्रतिदिन रोडवेज बसों में सफर करते हैं। सबसे ज्यादा इन बसों में यात्रियों की संख्या सुबह व शाम के समय देखने को मिलती है। 8 अप्रैल से दमकल विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर होने की वजह से गुरुग्राम डिपो से करीब 52 चालकों को दमकल विभाग में भेज दिया है। जिसके कारण डिपो के पास चालकों की कमी हो गई है। उसी वजह से गुरुग्राम से फरीदाबाद आने वाली बसों पर असर पड़ा है। कई यात्रियों का कहना है कि पहले जहां हर 9 से 10 मिनट में फरीदाबाद के लिए बस उपलब्ध हो जाती थी, वहीं अब लंबे अंतराल के बाद बसें मिल रही हैं। इसके कारण लोगों को अपने कार्यालय, कॉलेज और अन्य जरूरी कामों के लिए देरी का सामना करना पड़ रहा है। ड्यूटी इंचार्ज वाल्मिकी का कहना है कि रोडवेज चालकों की ड्यूटी दमकल वाहनों पर लगने की वजह से बसों के संचालन में कुछ कमी आ रही है।