स्कूल शिक्षा विभाग के तय मानकों का पालन नहीं करने पर हुई कार्रवाई
फरीदाबाद। स्कूल शिक्षा विभाग के तय मानकों का पालन नहीं करने पर जवाहर कॉलोनी स्थित ज्योति कॉन्वेंट स्कूल की मान्यता रद्द कर दी गई है। जिला मौलिक शिक्षा कार्यालय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मान्यता रद्द करने की सिफारिश की। 21 अगस्त 2025 को एक शिकायतकर्ता ने सीएम विंडो पर स्कूल के गैर कानूनी तरीके से संचालित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई। जांच के दौरान स्कूल प्रबंधन आवश्यक मान्यता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
रिपोर्ट में सामने आया कि स्कूल के पास न तो सीबीएसई और न ही एचबीएसई की मान्यता थी। इसके बावजूद स्कूल संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा स्कूल 100 और 500 वर्ग गज के एक मकान में चल रहा था, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। जांच में यह भी पाया गया कि स्कूल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यहां न तो खेल का मैदान है और न ही पुस्तकालय व शौचालय की उचित व्यवस्था है। साथ ही स्कूल प्रबंधन के संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। इन सभी खामियों को देखते हुए जिला मौलिक शिक्षा कार्यालय ने कड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल की मान्यता रद्द करने की सिफारिश कर दी है।
वर्जन
सीएम विंडो से प्राप्त शिकायत और निदेशालय के आदेशानुसार स्कूल की मान्यता रद्द करने की सिफारिश कर दी गई है। - बसंत कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी