20 अप्रैल तक गांव-गांव लगेंगे शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में भूमि अधिग्रहण और खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) गांवों में शिविर लगाएगा। 9 मार्च से 20 अप्रैल 2026 तक विभिन्न गांवों में लगाए जाने वाले इन शिविरों में किसानों और भू-स्वामियों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पंजीकरण और सत्यापन की सुविधा दी जाएगी।एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा शुरू की गई ई-भूमि नीति के तहत जमीन खरीद/अधिग्रहण की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है ताकि किसानों को सीधे पोर्टल के माध्यम से अपनी भूमि उपलब्ध कराने का विकल्प मिल सके। इसके लिए जिले के अलग-अलग गांवों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि शिविरों में भूमि से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन, पंजीकरण, रिकॉर्ड की जांच और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी की जाएंगी, जिससे किसानों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए संबंधित भूमि मालिकों से अपील की गई है कि वे शिविर में आते समय जमीन के कागजात, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं ताकि कार्यवाही उसी दिन पूरी की जा सके।
प्रशासन के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 मार्च को तेजपुर सद्पुरा, 18 मार्च को धांकौला, 20 मार्च को फरीदपुर व शाहबाद, 27 मार्च को जसाना, 30 मार्च को तेजापुर, 1 अप्रैल को बदरपुर सैद, 3 अप्रैल को साहुपुरा, 6 अप्रैल को बुआपुर, 9 अप्रैल को सतोई, 13 अप्रैल को सुनपेड़ व मलेरना, 16 अप्रैल को जाजरू, 18 अप्रैल को भैंसरावली तथा 20 अप्रैल को फत्तुपुरा गांव में शिविर लगाए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होने से विकास परियोजनाओं में आने वाली देरी कम होगी और किसानों को भुगतान भी निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर मिल सकेगा। इसलिए सभी पात्र भू-स्वामियों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर अपनी भूमि से संबंधित कार्यवाही पूरी कराने की अपील की गई है।