दो ऑटो चालक आपस में भिड़े, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एसजीएम नगर इलाके के राजा चौक पर शराब पिलाने को लेकर दो ऑटो चालक आपस में भिड़ गए। एक ने दूसरे की गर्दन पर उस्तरा मारकर घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजू कुमार नाम के व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह ऑटो चलाता है। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वह प्याली चौक से मुल्ला होटल की तरफ जा रहा था। रास्ते में रॉकी और सुमित नाम के दो युवक उसके ऑटो में बैठ गए। दोनों युवक प्याली चौक स्टैंड पर ऑटो चलाते हैं। दोनों के बीच शराब पिलाने को लेकर बहस हो रही थी। सुमित शराब पिलाने से मना कर रहा था। मामला झगड़े तक पहुंचने से पहले ही राजू ने दोनों को अपने ऑटो से नीचे उतार दिया।
राजू ने देखा कि नीचे उतरने के बाद दोनों आपस में मारपीट करने लगे। इस दौरान रॉकी ने अपनी जेब से उस्तरा निकालकर सुमित की गर्दन पर वार कर दिया। तेज धार के साथ सुमित की गर्दन से खून बाहर निकलने लगा। रॉकी मौके से फरार हो गया। उसने अन्य लोगों की मदद से सुमित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।