ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर दशहरा उत्सव का किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी।
फरीदाबाद। फरीदाबाद दशहरा कमेटी द्वारा शनिवार को डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दशहरा और रामलीला के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। इस बार दशहरा उत्सव को ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर मनाया जाएगा । दशहरे में रावण का वध ब्रह्मोस मिसाइल से होगा। रामलीला का आयोजन 22 सितंबर से एक अक्टूबर तक किया जाएगा। रावण दहन दो अक्टूबर को दशहरा मैदान में होगा।
फरीदाबाद दशहरा कमेटी के प्रधान कौशल बाठला ने कहा कि इस बार रिमोट कंट्रोल से रावण को जलाया जाएगा। इसके लिए कमेटी ने ब्रह्मोस मिसाइल नामक बाण तैयार किया है। 30 सितंबर को लंका दहन होगा। कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए ड्रोन तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कहीं कोई अनहोनी न हो इसके लिए अग्नि शामक दल भी मौजूद रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद सेक्टर-31 थाने के एसएचओ सुरिंदर सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मेरी रहेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि दशहरे के दिन अपने वाहनों को दशहरा मैदान से दूर ही पार्क करें। पार्षद अनिल नागर ने कहा कि सभी लोगों को कार्यक्रम में भाग लेना चााहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कमेटी के सचिव वीके अग्रवाल, वासुदेवानंद गिरी महाराज और कुलदीप सेठी समेत कई लोग मौजूद रहे।