एशियन बॉक्सिंग एलीट चैंपियनशिप में कांस्य पर जमाया था कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एशियन बॉक्सिंग एलीट चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले लोकेश चौहान रविवार को अपने गांव लौटे। उनकी उपलब्धि पर रविवार को गांव डींग में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री राजेश नागर ने उनको सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बता दें कि प्रतियोगिता मंगोलिया के उलानबटोर में हुई थी।
राजेश नागर ने कहा कि लोकेश ने विदेशी धरती पर देश का नाम रोशन कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि लोकेश की मेहनत और लगन का परिणाम है। ऐसे खिलाड़ियों से अन्य युवाओं को प्रेरणा मिलती है। वहीं लोकेश चौहान ने बताया कि उन्होंने 85 किलोग्राम भार वर्ग में कोरिया के बॉक्सर को हराकर कांस्य जीता था।
पिता नाहर सिंह और भाई सूरत चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि लोकेश की मेहनत रंग लाई है और उसने देश का नाम रोशन किया है। वहीं कोच राजीव गोदारा ने बताया लोकेश शुरू से ही मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रहा है।