शिव मंदिर चावला कॉलोनी से निकली यात्रा, अग्रवाल धर्मशाला में भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अग्रवाल धर्मशाला में राधे मित्र मंडल की ओर से राधा रानी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर राधा रानी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की और भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
प्रधान मोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम से पूर्व शिव मंदिर, चावला कॉलोनी से 251 कलशों की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों से पूरा मार्ग राधामय हो गया। श्रद्धालु श्री राधा रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर अभिनंदन किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में कलश यात्रा में भाग लिया। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालु अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे, जहां श्री राधा रानी के जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मध्य श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा, कांग्रेस नेता गिरीश भारद्वाज, राजेश सैनी व अन्य उपस्थित रहे।