संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, हरियाणा ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों और एमए संख्या 1290/2022 (डब्ल्यूपीसी संख्या 876/1996) में 25 अप्रैल 2025 को पारित निर्देशों के अनुपालन में दुर्गा बिल्डर कॉलोनी की भूमि के सजरा आधारित सीमांकन की कार्यवाही प्रस्तावित की है।
विभाग के अनुसार इस लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी का कुल क्षेत्रफल 234.674 एकड़ है, जिसे दो चरणों में बांटा गया है। इसमें फेज-1 का क्षेत्रफल 126.725 एकड़ तथा फेज-2 का क्षेत्रफल 107.95 एकड़ है। क्षेत्र का कुछ हिस्सा जलभराव और अपशिष्ट जल से प्रभावित होने के कारण यह सीमांकन कार्य तकनीकी रूप से विशेष महत्व रखता है।
इसे ध्यान में रखते हुए जिला नगर योजनाकार (योजना), फरीदाबाद ने सजरा आधारित सीमांकन कार्य में अनुभव रखने वाली योग्य एजेंसियों और फर्मों से रुचि की अभिव्यक्ति और कोटेशन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक फर्म सार्वजनिक सूचना के प्रकाशन से 15 दिनों के भीतर अपने आवेदन एवं कोटेशन सेक्टर-12 स्थित कक्ष संख्या-116, भूतल, हुडा कॉम्प्लेक्स, कार्यालय में जमा करा सकती हैं।