कई बार ऑटो या ई-रिक्शा नहीं मिलने पर मुख्य सड़क तक पैदल जाना पड़ता है।
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-7, 8, 9 और 10 में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सेक्टरों में रहने वाले लोगों को रोजाना नौकरी, कारोबार, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए दूसरे इलाकों में जाना पड़ता है, लेकिन नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सेक्टरों में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और निजी वाहन नहीं रखने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार ऑटो या ई-रिक्शा नहीं मिलने पर लोगों को मुख्य सड़क तक पैदल जाना पड़ता है।
लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि सेक्टर-7, 8, 9 और 10 को जोड़ते हुए नियमित सिटी बस सेवा शुरू की जाए। साथ ही आसपास के प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक बसों के रूट निर्धारित किए जाएं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने से उन्हें राहत मिलेगी और निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा।
लोगों से बातचीत
कई सेक्टरों में सिटी बस की सुविधा नहीं होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है । - शिव कुमार वशिष्ठ
सिटी बस की सुविधा नहीं होने की वजह से लोगों को ऑटो में सफर करने के लिए मनचाहा किराया देना होता है। - रमेश मक्कर
पॉश सेक्टर होने के बावजूद भी लोग काफी समय से प्रशासन से सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। - कैलाश शर्मा
कई बार ऑटो नहीं मिलने की वजह से परेशानी होती है। प्रशासन को पत्र लिखकर अवगत करवाया जा चुका है। - वीरेंद्र कुमार