मेयर के जनसुनवाई शिविर में पहुंचीं 22 शिकायतें, मेयर ने निपटारे का आदेश दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई में सोमवार को सड़क, पेयजल, नाले की सफाई, संपत्ति कर , अतिक्रमण और अवैध आरओ प्लांट के मामले पहुंचे। शिविर में कुल 22 लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने शिविर में मौजूद संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान का निर्देश दिया। एसजीएम नगर की दो गलियाें का एक सप्ताह में वर्क ऑर्डर जारी करने का आदेश दिया। जनसुनवाई में वार्ड नंबर-16 के एसजीएम नगर से सड़क निर्माण की शिकायत लेकर पहुंचे लोगों की समस्या पर मेयर ने अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने दो गलियों के निर्माण का वर्क ऑर्डर एक सप्ताह के भीतर जारी करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि सड़क, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
दयालबाग क्षेत्र में पेयजल संकट की शिकायत भी जनसुनवाई में प्रमुखता से उठी। स्थानीय लोगों ने दयालबाग के नाले की दोबारा सफाई करवाने की मांग रखी। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोगों ने संपत्ति कर, अतिक्रमण और अवैध आरओ प्लांट से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराईं। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटाया जाए और कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को केवल दर्ज करने के बजाय उनके निस्तारण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
मेयर जोशी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्या के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अधिकारियों को चाहिए कि जनसुनवाई में सामने आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तय समय में उनका समाधान करें।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर आयोजित शिविर में एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर वीरेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।