चौथे दिन भी नहीं पकड़े गए आरोपी, डीसीपी ऑफिस पर धरने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में 16 साल की किशोरी की हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी चौथे दिन भी नहीं हो सकी है। इससे गुस्साए परिजन मंगलवार को इकट्ठा होकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए डबुआ थाना पहुंचे। यहां लोगों ने जमकर नारेबाजी की और 72 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर डीसीपी ऑफिस पर धरने की चेतावनी दी।
नारे लगा रहे लोगों की संख्या 100 के आस-पास थी। जिसके चलते कुछ देर के लिए वहां जाम के हालात पैदा हो गए थे। पुलिस टीम ने गुस्साए लोगों को समझाया कि 5 टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वे यहां से गए। थाने से वापस घर की ओर जाने के दौरान गुस्साए लोगों ने भाजपा विधायक सतीश फागना के ऑफिस के बाहर भी नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी वारदात इलाके में होने के बावजूद विधायक ने आकर परिवार को सांत्वना नहीं दी।
डबुआ कॉलोनी एरिया में किशोरी की हत्या शनिवार दोपहर बाद लगभग साढ़े 3 बजे हुई थी। आरोपी पवन ने किशोरी को उनके पड़ोस में रहने वाली महिला ममता के घर पर बुलाया। इस दौरान वहां दोनों में कहासुनी हुई और आरोपी तेजधार हथियार से सिर व गर्दन पर वार कर किशोरी की हत्या कर दी और वहां से भाग गया। सूचना के बाद किशोरी के परिवार वाले व पुलिस यहां पहुंचे। किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल 2024 को आरोपी पवन उनकी नाबालिग बेटी को भगा ले गया था। इसे लेकर उन्होंने डबुआ थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। सितंबर महीने में पवन जेल से जमानत पर बाहर आ गया था। आरोप है कि केस वापस लेने से मना करने पर ही अब पवन व उसके परिवार वालों ने मिलकर साजिश के तहत किशोरी की हत्या कर दी।